सहोदरा थाना की गाड़ी और कार के उड़े परखच्चे, सभी घायलों को जीएमसीएच रेफर किया गया
@पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण @
बेतिया, पश्चिमी चंपारण। चनपटिया-बेतिया मुख्य सड़क पर मुसहरी के पास पुलिस गाड़ी और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सहोदरा थाना में तैनात दारोगा प्रतिमा दुबे समेत चार पुलिसकर्मी और कार सवार पति-पत्नी व उनका बच्चा घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

जानकारी के अनुसार, सहोदरा थाना की पुलिस गाड़ी बेतिया से नरकटियागंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान मुसहरी के पास विपरीत दिशा से आ रही कार से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलने पर चनपटिया पुलिस भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।
