पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा। रक्सौल-नरकटियागंज रेलवे खंड के पुरुषोत्तमपुर रेलवे हाल्ट के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात वृद्ध महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि महिला रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, तभी रक्सौल से नरकटियागंज की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे के बाद मालगाड़ी करीब 15 से 20 मिनट तक घटनास्थल पर खड़ी रही, जिससे बेतिया-मैनाटाड़ मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुरुषोत्तमपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुरूषोत्तमपुर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी ने बताया कि मृत महिला की उम्र लगभग 60 से 70 वर्ष के बीच है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया गया है तथा पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
