पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा। 25 बिहार बटालियन एनसीसी ,मोतिहारी के समादेशी पदधिकारी कवि क्रतु के निर्देशन मे स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रभक्ति, एकता और देशप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से डी.एम. एकेडमी, बगहा के एनसीसी कैडेट्स ने शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली। हाथों में शान से लहराता राष्ट्रीय ध्वज और कदमों में अनुशासन की दृढ़ता लिए कैडेट्स ने नगरवासियों के बीच देशप्रेम का अद्भुत संदेश दिया।रैली के दौरान पूरा वातावरण भारत माता की जय, वंदे मातरम् और तिरंगा हमारी शान है—भारत देश महान है, जैसे राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। कैडेट्स की अनुशासित कदमताल और हाथों में लहराते तिरंगे ने राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों में भी देशभक्ति का जोश भर दिया।एनसीसी कैडेट्स ने लोगों को संदेश दिया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक भारतीय का यह दायित्व है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और कर्तव्यबोध को अभिव्यक्त करे।

रैली के माध्यम से कैडेट्स ने युवाओं का विशेष रूप से आह्वान किया कि वे राष्ट्रनिर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। अनुशासन, एकता, सद्भाव, सेवा और देशभक्ति को जीवन का हिस्सा बनाकर ही मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा सकता है।एनसीसी पदाधिकारी देवीदत्त मालवीय ने कहा कि यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण की जीवंत अभिव्यक्ति बन गई। तिरंगे की शान में उठते कदमों ने यह संदेश दिया कि देश का भविष्य उन युवाओं के हाथों में सुरक्षित है, जिनके हृदय में राष्ट्र सर्वोपरि है।

रैली के समापन पर कैडेट्स ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की गरिमा की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। विद्यालय परिसर से निकली यह तिरंगा रैली नगर की गलियों से गुजरते हुए लोगों के मन में देशभक्ति की ऐसी लौ जगा गई, जो निश्चित रूप से स्वतंत्रता दिवस की भावना को और अधिक प्रखर करेगी।तिरंगा ऊंचा रहे हमारा—यही संकल्प, यही सम्मान और यही राष्ट्रप्रेम! इस रैली मे प्रधानाध्यापक राकेश कुमार यादव, रूपेश कुमार पाठक,स्काऊट शिक्षक मुनीर आलम,भारत स्काउट एण्ड गाईड के जिला आयुक्त राजबली यादव के साथ साजेंट केशव कुमार, कारपोल शशि कुमार, लांस कारपोल हिमांशु कुमार ,कैडेट राकेश कुमार, चुन्नु कुमार,सरमान अंसारी,जागीर अंसारी,राजन कुमार,उत्सव कुमार, बेचू कुमार, प्रिंस कुमार,अंकित, राजदीप, सूरज ,पवन कुमार के 80 कैडेट्स उपस्थित रहे।
