पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा।सशस्त्र सीमा बल की 21वीं वाहिनी, बगहा द्वारा एक बार फिर मानवता एवं सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए त्वरित कार्रवाई कर नेपाल के एक नागरिक का सकुशल रेस्क्यू किया गया।दिनांक 02 अगस्त 2026 को लगभग 15.10 बजे, 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बगहा के डी-समवाय गंडक बैराज के कार्यक्षेत्र अंतर्गत सीमा चौकी कोलेश्वर में तैनात क्षेत्रक मुख्यालय स्तर के राहत एवं बचाव दल ने नेपाल स्थित झूला पुल से एक व्यक्ति को नदी में छलांग लगाते हुए देखा। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल ने बिना विलंब के आवश्यक कार्रवाई करते हुए साहस एवं सूझबूझ का परिचय दिया तथा कोलेश्वर घाट के समीप उक्त व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।बचाए गए व्यक्ति की पहचान पट्टू हरिजन, पिता श्री चंद्रेश हरिजन, निवासी ग्राम कुरयावल, जिला नवलपरासी, नेपाल के रूप में हुई।रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत राहत एवं बचाव दल के कमांडर द्वारा संबंधित व्यक्ति को आवश्यक औपचारिकताओं के बाद नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (APF) एवं नेपाल पुलिस को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।इस सफल अभियान ने एक बार फिर सिद्ध किया कि सशस्त्र सीमा बल केवल सीमा सुरक्षा ही नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा एवं आपदा के समय त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए भी सदैव तत्पर रहता है। सीमावर्ती क्षेत्रों में SSB द्वारा किए जा रहे ऐसे मानवीय एवं जनहितकारी कार्य स्थानीय नागरिकों के बीच सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
