बगहा में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन बिहार इकाई का गठन, डॉ. अरविंद नाथ तिवारी बने प्रदेश अध्यक्ष, मिली बड़ी जिम्मेदारी
पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा 28 जून। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बिहार इकाई के गठन एवं राज्य स्तरीय बैठक समारोह का आयोजन रविवार को वाल्मीकि विहार सभागार में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, बिहार एवं उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न जिलों से आए पत्रकार प्रतिनिधियों और समिति के सम्मानित सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संगठन के सुदृढ़ीकरण, पत्रकारों के हितों की रक्षा तथा भावी कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह का संचालन बिहार प्रदेश ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संयोजक प्रो. डॉ. अरविंद नाथ तिवारी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्त उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता नरेश सक्सेना, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद शामिल हुए।

इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़, बगहा-2 के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के. वी. एन. सिंह, बिहार प्रभारी ओम प्रकाश द्विवेदी तथा उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला अध्यक्ष शैलेश कुमार उपाध्याय सहित कई गणमान्य अतिथि समारोह में मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बिहार इकाई का गठन किया गया तथा प्रो. डॉ. अरविंद नाथ तिवारी को बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके मनोनयन पर उपस्थित पत्रकारों ने हर्ष व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। समारोह में बिहार एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जिला अध्यक्ष, अनुमंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। उपस्थित वक्ताओं ने पत्रकारों की एकजुटता, निष्पक्ष पत्रकारिता और संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। वहीं भोजपुर में पुलिस की गोली से मरे भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि देने के साथ ही कार्यक्रम का पूर्ण रूपेण समापन हुआ।
