जवानों के लिए सोलर लोन मेला आयोजित, पीएम सूर्य घर योजना के लाभों की दी गई जानकारी
पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं वाहिनी, बगहा परिसर में मंगलवार को ऊर्जा संरक्षण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। वाहिनी मुख्यालय, मंगलपुर बगहा में 125 KVA रूफटॉप सोलर प्लांट का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही वाहिनी के कार्मिकों के लिए सोलर लोन मेला भी आयोजित किया गया।यह पहल 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत के प्रयास तथा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बगहा के कार्यपालक अभियंता आलोक अमृतांशु के सहयोग से आयोजित की गई।इससे पूर्व 20 अगस्त 2026 को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बगहा द्वारा आयोजित सोलर लोन मेले में भी 21वीं वाहिनी के कार्मिकों को कमांडेंट के मार्गदर्शन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया था और आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।सोलर लोन मेले के दौरान वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में कार्मिकों को रूफटॉप सोलर सिस्टम के लिए उपलब्ध कम ब्याज वाले ऋण, सरकारी सब्सिडी तथा पीएम सूर्य घर योजना के तहत मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने कहा कि सौर ऊर्जा की यह पहल जवानों को बिजली के खर्च में बचत के साथ-साथ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक योगदान होगा।उन्होंने वाहिनी के सभी कार्मिकों से पीएम सूर्य घर योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही इस पहल में सहयोग के लिए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बगहा के अधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।125 KVA रूफटॉप सोलर प्लांट की स्थापना को 21वीं वाहिनी की ओर से ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
