पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के उद्देश्य से 25 बिहार बटालियन एनसीसी, मोतिहारी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत एनसीसी ट्रूप नंबर 245, डीएम एकेडमी, बगहा के कैडेट्स ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 65 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान कैडेट्स ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दस विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इनमें फलदार, छायादार एवं उपयोगी प्रजातियों के पौधे शामिल थे। पौधारोपण के बाद कैडेट्स ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई एवं सुरक्षा करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) देवीदत्त मालवीय ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और हमारी भावनाओं को जोड़ने वाला जन-जागरूकता अभियान है। जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं, उसी प्रकार पेड़ भी हमें जीवनदायिनी वायु, छाया, फल और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स के माध्यम से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। आज लगाए गए पौधे भविष्य में विद्यालय और समाज के लिए हरित विरासत बनेंगे। 25 बिहार बटालियन एनसीसी, मोतिहारी के निर्देशन में इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से कैडेट्स को पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ भविष्य की नींव हैं। पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए कैडेट्स ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
