पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों के सुख-दुःख की जानकारी ली और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।सांसद ने भगत सिंह चौक, परसौनी पंचायत के मधुबनी, खैरवा टोला, बकवा चंद्रौल एवं परसौनी तथा बगही सखुवानी पंचायत के घोड़ैया, बगही और डुमरी क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। स्थानीय जदयू कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि ‘सांसद चले गांव की ओर’ कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को सीधे जनता के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं को समझना और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना है।सांसद के इस जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। सांसद ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहना, उनकी बात सुनना और जनहित में कार्य करना ही सच्ची जनसेवा है।
