पंचानन सिंह ब्यूरो बगहा पश्चिमी चंपारण।
बगहा। पुलिस जिला अंतर्गत पटखौली थाना क्षेत्र की नरवल-बरवल पंचायत में गुरुवार सुबह एक नवविवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पटखौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की शादी करीब छह माह पहले हुई थी। वह भैरोगंज बाजार निवासी अर्जुन गिरी की पुत्री बताई गई है।मृतका के पिता अर्जुन गिरी ने पटखौली थाने में आवेदन देकर ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। गुरुवार सुबह परिजनों को उसकी मौत की जानकारी मिली।
पिता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने ससुर चंद्रभान गिरी, शर्मा गिरी, पति विपिन गिरी, ननद कोशिका कुमारी और सास राजमती देवी को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।
सास गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सास राजमती देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस छापेमारी और कार्रवाई कर रही है।
पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
