नौरंगिया गांव में छापेमारी के दौरान हुई हाथापाई और रोड़ेबाजी, पुलिस अभिरक्षा से आरोपी को छुड़ाकर ले गए परिजन
@@पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बगहा, पश्चिम चंपारण। बगहा पुलिस जिला के नौरंगिया थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना में नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रौशन समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोप है कि पुलिस द्वारा पकड़े गए एक आरोपी को उसके परिजनों और ग्रामीणों ने घेरकर जबरन छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई और रोड़ेबाजी भी की गई। सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज हरनाटांड़ पीएचसी में कराया गया।
जानकारी के अनुसार, नौरंगिया थाना कांड संख्या 89/26 में नामजद आरोपियों भूलन बीन और नागेंद्र बीन की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष राज रौशन के नेतृत्व में पुलिस टीम नौरंगिया गांव पहुंची थी। पुलिस ने मौके से नागेंद्र बीन को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान उसके परिजन अशोक बीन समेत करीब 15 लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और कथित तौर पर आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और रोड़ेबाजी की गई।
26 लीटर शराब बरामदगी के बाद दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, बीते 20 सितंबर की रात उत्तर प्रदेश से शराब लेकर आ रहा एक आरोपी पुलिस जांच टीम को देखकर शराब फेंककर फरार हो गया था। मौके से पुलिस ने करीब 26 लीटर शराब बरामद की थी। इस मामले में नौरंगिया गांव निवासी भूलन बीन और नागेंद्र बीन को नामजद आरोपी बनाया गया था।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ निहार भूषण के निर्देश पर कई थानों की पुलिस गांव पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए नागेंद्र बीन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बगहा एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने और अभिरक्षा से आरोपी को छुड़ाने के मामले में कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
