पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बेतिया 30 जून। कालीबाग थाना क्षेत्र स्थित कालीबाग धाम मंदिर परिसर के पोखर से मंगलवार (30 जून) की सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने पोखर में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल कालीबाग थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोखर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक 29 जून की शाम करीब 3:56 बजे मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया था। इसके बाद उसकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक मंदिर परिसर में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पहचान के लिए सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से शव का विवरण प्रसारित किया जा रहा है। पहचान होने और परिजनों के आने के बाद ही शव उन्हें सौंपा जाएगा। तब तक अस्पताल प्रशासन शव को नियमानुसार 72 घंटे तक सुरक्षित रखेगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, ग्रिल और सीसीटीवी जैसी व्यवस्थाएं मौजूद हैं, इसके बावजूद युवक का परिसर में पहुंचना और पोखर तक जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यदि युवक की गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हुई थीं, तो समय रहते उस पर नजर क्यों नहीं रखी गई।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
