(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार…….
बगहा। लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को जिलेभर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ खरना मनाया जा रहा है। इस अवसर पर छठ व्रतियों ने पूरे दिन निर्जला उपवास रखा। शाम को स्नान और पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक तरीके से गुड़ की खीर और रोटी का विशेष प्रसाद तैयार किया गया। घरों में छठी मैया के गीतों और भक्तिमय माहौल के बीच पूजा की गई।खरना की पूजा के दौरान व्रतियों ने छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ प्रसाद ग्रहण किया। घरों में पूरे दिन साफ-सफाई और प्रसाद तैयार करने की विशेष व्यवस्था की गई।खरना के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
