पांच डिसमिल में चल रहा राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोदसर, खेलकूद और शैक्षणिक गतिविधियां हो रही प्रभावित
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार……
बगहा। शिक्षा के बेहतर माहौल और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोदसर प्रखंड बगहा दो के बाल संसद के प्रधानमंत्री राजीव कुमार ने जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण को आवेदन सौंपकर एक एकड़ सरकारी जमीन आवंटित करने की मांग की है।आवेदन के अनुसार, विद्यालय के पास महज पांच डिसमिल जमीन है, जिससे प्रार्थना सभा, खेलकूद और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में परेशानी हो रही है। बाल संसद ने मौजा बोदसर के थाना संख्या 62, खाता संख्या 02 और खेसरा संख्या 32 में दर्ज 20.46 एकड़ सरकारी भूमि में से एक एकड़ जमीन विद्यालय के नाम आवंटित करने का अनुरोध किया है।बच्चों ने संबंधित भूमि के राजस्व अभिलेखों की जांच कराने और कथित निजी कब्जे की स्थिति स्पष्ट करने की भी मांग की है। आवेदन में पूर्व में बीईओ, डीपीओ और राज्यसभा सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे की ओर से की गई पहल का भी उल्लेख किया गया है। बाल संसद ने प्रशासन से निर्धारित समय-सीमा में भूमि आवंटन कर विद्यालय को पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने की मांग की है।
