पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा। अनुमंडल क्षेत्र के प्रखंड बगहा दो के बिस्कोमान केंद्र पर यूरिया वितरण के लिए मंगलवार को किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यूरिया पहुंचने की सूचना मिलते ही सोमवार से ही सैकड़ों किसान बिस्कोमान भवन पहुंचना शुरू हो गए थे। केंद्र के बाहर सुबह से ही महिला, पुरुष और बुजुर्ग किसानों की लंबी कतारें देखी गईं। कई किसानों ने कतार में अपनी जगह सुनिश्चित करने के लिए ईंट, पत्थर और हेलमेट तक रख दिए थे।किसानों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने टोकन व्यवस्था लागू कर दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को 600 से अधिक किसानों को टोकन वितरित किए गए। किसानों की आवश्यकतानुसार, प्रति किसान एक या दो बोरी यूरिया देने की व्यवस्था की गई है। टोकन प्राप्त किसानों को मंगलवार को यूरिया उपलब्ध कराया जा रहा है।यूरिया लेने पहुंचे किसानों ने अपनी परेशानी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में खाद की आवश्यकता काफी बढ़ गई है, और यूरिया के लिए घंटों लाइन में लगना उनकी मजबूरी बन गई है। जहां उन्हें समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए ताकि ऐसी असुविधा का सामना न करना पड़े।प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने जानकारी दी कि बिस्कोमान भवन में 1000 बोरी यूरिया की आपूर्ति हुई है, जिसका वितरण किसानों को किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वितरण प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संचालित की जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए स्थानीय प्रशासन से सहयोग मांगा गया था। वर्तमान में पुलिस की मौजूदगी में किसानों को टोकन और पर्ची के आधार पर यूरिया वितरित किया जा रहा है।
