(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार)
बगहा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शनिवार को एसएसबी की 21वीं वाहिनी, बगहा की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यवाहक कमांडेंट एवं द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश शर्मा के नेतृत्व में वाहिनी मुख्यालय सहित अधीनस्थ सीमा चौकियों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश देने के लिए रन फॉर यूनिटी, वॉकाथन और एकता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, वाहिनी मुख्यालय से बगहा रामपुर चौक तक मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों को राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान और देश को एकता के सूत्र में बांधने के उनके प्रयासों को याद किया गया। वर्षा और प्रतिकूल मौसम के बावजूद एसएसबी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना रहा।
