शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील, जय माता दी के जयकारों से गूंजा पूजा पंडाल
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण)
बगहा। नगर परिषद क्षेत्र के बॉम्बे बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में महाअष्टमी के अवसर पर आयोजित महाआरती में बगहा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम चांदनी कुमारी एवं एसडीपीओ निहार भूषण उपस्थित रहे। माता रानी की महाआरती में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को पूजा समिति की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में बगहा-1 के बीडीओ प्रदीप कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अमृतांशु रंजन, बगहा थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत, बगहा थाना के एसआई पंकज कुमार तथा अग्निशमन दल के टीम लीडर समेत अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी शामिल रहे।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने माता रानी के दरबार में मत्था टेका और क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। महाअष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का संदेश देखने को मिला।
