मिथिलेश कुमार झा सुपौल………
सुपौल जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत एकमा पंचायत स्थित चांदनी चौक पर हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसको लेकर युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चौक पर जल्द से जल्द हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि चांदनी चौक एक बड़ा और गोलाकार चौक है, जहां से चारों दिशाओं में सड़कें जाती हैं। यहां से एक मार्ग सिंहेश्वर की ओर, दूसरा सुपौल की ओर तथा अन्य मार्ग मधेपुरा और सहरसा की ओर जाता है। इस कारण इस चौक पर दिनभर लोगों और वाहनों का आवागमन बना रहता है। उन्होंने कहा कि चौक पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण विशेषकर रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में आम राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां हाईमास्ट लाइट लगाना बेहद जरूरी है।
लक्ष्मण कुमार झा ने जिला प्रशासन से जनहित में इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए चांदनी चौक पर जल्द हाईमास्ट लाइट लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वे आगे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मांग पर कब तक संज्ञान लेता है और चांदनी चौक पर रोशनी की व्यवस्था कब तक सुनिश्चित होती है।
