सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच, 9 दुकानदारों को नोटिस; अगले चरण में खाद्य नमूनों की होगी लैब जांच
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार)..
बेतिया। आमजन को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के सभी अनुमंडलों में एक साथ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मिठाई दुकानों, स्वीट मेकिंग यूनिट, होटलों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

बेतिया सदर में एसडीएम विकास कुमार, नरकटियागंज में एसडीएम अभिजीत गोविन्दा तथा बगहा में एसडीएम चांदनी कुमारी के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया।

बेतिया शहर में किशन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट और अरोड़ा स्वीट्स के साथ उनकी मिठाई निर्माण इकाइयों एवं गोदामों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुछ कमियां मिलने पर संचालकों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी गई। संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की भी बात कही गई।

वहीं, बगहा अनुमंडल में जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 13 दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया गया। इनमें साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर आठ दुकानों और एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री के मामले में एक दुकान को नोटिस जारी किया गया। दुकानदारों को वैध खाद्य लाइसेंस और निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के बाद ही प्रतिष्ठान दोबारा खोलने का निर्देश दिया गया।एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। अगले चरण में खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
