श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण )
बगहा। विजयादशमी के पावन अवसर पर बगहा नगर के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा। पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी और बेहतर व्यवस्था के बीच पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
विजयादशमी के अवसर पर विभिन्न पूजा समितियों की ओर से पुलिस पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया। पूजा समितियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में प्रशासन की भूमिका की सराहना की।
पर्व के दौरान बगहा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी, एसडीपीओ निहार भूषण, साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी, नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार और बीडीओ प्रदीप कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में सक्रिय रहे। विभिन्न पूजा पंडालों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ विधि-व्यवस्था पर नजर रखी गई।
प्रशासन की सतर्कता और पुलिस बल की सक्रियता के बीच श्रद्धालुओं ने निर्बाध रूप से पूजा-पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए। पूरे आयोजन के दौरान किसी बड़ी अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में विजयादशमी का पर्व संपन्न होने से श्रद्धालुओं एवं पूजा समितियों में संतोष का माहौल रहा।
