जलबोझी कर लौट रहे श्रद्धालुओं के बीच हुआ हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली में दौड़ा करंट; रामनगर सीएचसी में डॉक्टरों ने दो बच्चों को मृत घोषित किया
पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बगहा। बगहा पुलिस जिला के रामनगर थाना क्षेत्र के खटौरी गांव में मां दुर्गा की आराधना के लिए निकाली गई कलश यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जलबोझी कर वापस लौटते समय बच्चों के हाथ में रखा झंडा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट प्रवाहित हो गया और हादसे की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद कलश यात्रा में अफरातफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत दोनों बच्चे भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु जलबोझी करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बच्चों के हाथ में रखा झंडा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से बच्चे गंभीर रूप से प्रभावित हो गए।
रामनगर सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद आनन-फानन में बच्चों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। धार्मिक आयोजन के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
