##पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बगहा। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (अक्टूबर 2026) के अवसर पर मंगलवार, 13 अक्टूबर को सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं वाहिनी, बगहा में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कमांडेंट श्री तपेश्वर संबित राउत के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में साइबर पुलिस थाना, बगहा की डीएसपी सुश्री ज्योति कुमारी एवं उनकी टीम को आमंत्रित किया गया। उन्होंने वाहिनी के जवानों और प्रशिक्षुओं के लिए ज्ञानवर्धक प्रस्तुति के साथ संवादात्मक जागरूकता सत्र आयोजित किया।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
जागरूकता सत्र के दौरान साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने और साइबर खतरों से बचने के आवश्यक उपायों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वाहिनी के सभी कार्मिकों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल दुनिया में सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देना था। इस पहल के माध्यम से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्कता और जागरूकता का संदेश दिया गया।
