123 उर्वरक दुकानों में हुई छापेमारी, 15 में मिली अनियमितता; जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन सख्त
(पंचानन सिंह पश्चिम चंपारण बिहार……
बेतिया। रबी फसल 2026 अभियान के तहत पश्चिम चंपारण जिले में उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी और तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में 1 से 10 नवंबर तक जिले के विभिन्न खुदरा उर्वरक प्रतिष्ठानों में मिशन मोड में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 123 उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें 15 दुकानों में अनियमितता पाई गई। इनमें 14 प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि एक प्रतिष्ठान से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जिला कृषि विभाग ने सभी कृषि समन्वयकों, प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों एवं जिला स्तरीय कृषि निरीक्षकों को उर्वरक की बिक्री, उपलब्धता और वितरण पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जमाखोरी, कालाबाजारी, तस्करी या किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार
जिला कृषि पदाधिकारी के अनुसार, पश्चिम चंपारण में किसानों की जरूरत के अनुरूप सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में यूरिया 23,731.82 मीट्रिक टन, डीएपी 9,306.550 मीट्रिक टन, एनपीके 14,270.195 मीट्रिक टन, एमओपी 7,943.543 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 7,955.125 मीट्रिक टन उपलब्ध है।

किसानों से अपील की गई है कि वे फसल की आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरकों का उपयोग करें तथा अनावश्यक भंडारण से बचें। रासायनिक खाद का संतुलित एवं वैज्ञानिक तरीके से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। डीएपी के विकल्प के रूप में टीएसपी, एसएसपी और एनपीके (20:20:0:23 तथा 32:32:16) का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
शिकायत के लिए नियंत्रण कक्ष गठित
उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण और अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।
जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष: 7033929702
अनुमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्ष:
* बेतिया : 9031645723
* नरकटियागंज : 9031645720
* बगहा : 8340456058
प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष:
| प्रखंड | संपर्क नंबर |
| ———- | ———– |
| ठकराहा | 9031645743 |
| मझौलिया | 9031645725 |
| सिकटा | 9031645732 |
| लौरिया | 9031645734 |
| बेतिया | 9661892055 |
| रामनगर | 9031645738 |
| योगापट्टी | 9031645728 |
| मैनाटांड़ | 9031645733 |
| नरकटियागंज | 9031645730 |
| गौनाहा | 9031645731 |
| मधुबनी | 9031645745 |
| नौतन | 9031645726 |
| बगहा-02 | 9031645737 |
| बगहा-01 | 9031645736 |
| पिपरासी | 9031645740 |
| भितहा | 9031645744 |
| बैरिया | 9031645727 |
| चनपटिया | 9031645729 |
जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया है कि जिले में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने और उनके हितों की रक्षा के लिए छापेमारी एवं निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
